उत्तराखंडराज्यशिक्षा

एस एफ आई द्वारा स्कूल बचाओ अभियान के तहत उत्तराखंड के पौड़ी में विशाल प्रदर्शन एवं जुलूस।

सरकारी स्कूलों की बंदी पर तत्काल रोक, रिक्त पदों की भर्ती एवं गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक शिक्षा की माँग को लेकर निकाला जुलूस।

पौड़ी, 21 अगस्त 2026

एस एफ आई द्वारा स्कूल बचाओ अभियान के तत्वावधान में उत्तराखंड के पौड़ी में एक प्रभावशाली प्रदर्शन एवं जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस पौड़ी के एजेंसी चौक से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला गया।

सरकार की अनदेखी के कारण पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों को कमजोर किया गया या बंद कर दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप ग्रामीण क्षेत्रों से छात्रों का पलायन बढ़ा और अभिभावकों पर निजी शिक्षा का आर्थिक बोझ भारी पड़ने लगा। यदि सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए तो न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सकती है, बल्कि गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों का आर्थिक बोझ भी काफी हद तक कम हो सकता है। इन्हीं मुद्दों को लेकर आज प्रदर्शनकारियों ने सरकार से निम्नलिखित माँगें रखीं:

1. स्कूल बंदी पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा स्कूल बंदी/विलय से प्रभावित छात्रों के ड्रॉपआउट को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएँ। प्रत्येक गाँव/बस्ती में स्कूल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
2. सभी रिक्त शैक्षिक एवं असैक्षिक पदों (प्रधानाचार्य, शिक्षक, लिपिक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आदि) को शीघ्र भरा जाए, ताकि शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चल सके।
3. सभी छात्रों को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित किया जाए। किसी भी छात्र को जाति, वर्ग, क्षेत्र या आर्थिक स्थिति के आधार पर शिक्षा से वंचित न रखा जाए।
4. महँगी शिक्षा एवं अभिभावकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए सार्वजनिक शिक्षा ढाँचे को मजबूत किया जाए। सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएँ एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ।
5. शिक्षकों को अतिरिक्त प्रशासनिक एवं गैर-शैक्षिक कार्य न दिए जाएँ, ताकि वे अपना पूरा ध्यान गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर केंद्रित कर सकें।
6. भोजनमाता, सहायिका एवं आंगनबाड़ी कर्मियों को नियमित किया जाए तथा उन्हें उचित वेतन एवं सुविधाएँ दी जाएँ, ताकि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान कर सकें।
7. जर्जर पड़े स्कूल भवनों, कक्षा-कक्षों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, शौचालयों तथा पेयजल व्यवस्था का तत्काल जीर्णोद्धार एवं निर्माण कराया जाए, ताकि सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में शिक्षा संभव हो।
8. मिड-डे मील योजना के अंतर्गत खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। पौष्टिक, स्वच्छ एवं नियमित भोजन सुनिश्चित किया जाए।

इस प्रदर्शन में एस एफ आई के प्रदेश अध्यक्ष नितिन मलेठा, आयुष, वंशिका, हर्षित, मानव, आकाश, रुबीना, सुप्रिया, रुचिता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

स्कूल बचाओ अभियान सरकार से अनुरोध करता है कि इन माँगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा का अधिकार हर बच्चे तक पहुँच सके और सरकारी स्कूल पुनः समाज की रीढ़ बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!