महिला सशक्तिकरणयूपीराजनीति
राष्ट्रीय लोकदल में आधी आबादी को पूरा हक़..
महिलाओं की भागीदारी केवल संख्या बल तक ही नहीं, निर्णय और नेतृत्व में भी होनी चाहिए : अनुपम मिश्रा

जेन ज़ी, महिलाओं और बुद्धिजीवियों का राष्ट्रीय लोकदल के प्रति बढ़ा रुझान : अनुपम मिश्रा
लखनऊ, 18 सितंबर 2026।
राष्ट्रीय लोकदल द्वारा प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बौद्ध शोध संस्थान सभागार, गोमती नगर में एक भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा रहे। वहीं इस कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रमा सोती ने अपने हजारों समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गयी। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुपम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसान, मजदूर, युवा, महिला और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी को महत्व देता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के दूरदर्शी एवं प्रभावी नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल विगत वर्षों में निरंतर अपने जनाधार का विस्तार कर रहा है। पार्टी ने अपनी विचारधारा और मूल्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने के साथ साथ समाज के हर वर्ग के बीच अपनी विश्वसनीयता और स्वीकार्यता को बनाये रखते हुए अपने मजबूत जनसंपर्क को कायम रखा है।
उन्होंने कहा कि यही संगठन की बड़ी ताकत है और इसी आधार पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए, भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें पर्याप्त अवसर और मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है। साथ ही महिलाओं की भागीदारी केवल संख्या तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया और सामाजिक एवं राजनीतिक नेतृत्व में भी उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जेन ज़ी, महिलाओं और बुद्धिजीवी वर्ग में भी राष्ट्रीय लोकदल के प्रति रुचि और जुड़ाव बढ़ रहा है, जो संगठन के बदलते सामाजिक विस्तार को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा में किसान, गांव, गरीब, मजदूर और साथ ही समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सम्मान और उनके सशक्तिकरण को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। इसी सामाजिक सरोकार की भावना के साथ महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय लोकदल की महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती परिणीता सिंह ने कहा कि महिलाओं को केवल संगठन की संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका देने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए महिला संगठन निरंतर कार्य करेगा।

वहीं सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्रीमती रमा सोती ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से अयोध्या से हैं और उनका ससुराल बिजनौर के ऐतिहासिक सोती परिवार में है। उनके पड़ बाबा ससुर राय बहादुर हरबंश लाल सोती जी बिजनौर के प्रथम राजनेताओं में रहे और उन्होंने बिजनौर नगर पालिका के पहले अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों के पुनर्वास और जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उधर रमा सोती ने बताया कि इसी सामाजिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पिछले एक दशक से महिलाओं के साथ रोजगार, जागरूकता एवं स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में कार्य किया है। महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संवाद बहुत जरूरी है। इसी उद्देश्य से वह लंबे समय से लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने और उन्हें मार्गदर्शन देने का प्रयास करती रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय लोकदल के माध्यम से अपने सामाजिक कार्यों को और व्यापक स्तर तक ले जाने का अवसर मिला है।
रमा सोती ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना भी आवश्यक है, ताकि वे अपने जीवन-यापन का स्तर बेहतर कर सकें और समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
वहीं इस कार्यक्रम में महिला भागीदारी और सामाजिक सशक्तिकरण को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समाज के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि रमा सोती के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने बताया कि सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों को संगठन के साथ जोड़ना और संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों तक और अधिक मजबूत करना है।


